देवबंद में हाइवे किनारे नाले से मिला ग्रामीण का शव
देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित नवीन मंडी के समीप नाले से पुलिस को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शनाख्त उपरांत पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
मंगलवार की सुबह राहगीरों ने नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा देख पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को नाले से बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। घंटों की मशक्कत के बाद मृतक की पहचान बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव चंदपुर निवासी शिवकुमार पुत्र नत्थू के रूप में की गई। जिसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरा। कोतवाल पंकज त्यागी ने बताया कि परिजनों के मुताबिक मृतक शिवकुमार सोमवार की रात घर से निकला था। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। उधर, शिवकुमार की अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं।