सहारनपुर। जन जन को जगाना है, विश्व को स्वस्थ्य बनाना है। कुछ इसी तरह के स्लोगन और नारों के साथ शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जन जागरूकता रैली निकाली गई। मौका था विश्व स्वास्थ्य दिवस का। रैली में बड़ी संख्या में आशाओं और स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ ने हिस्सा लिया।
रैली सीएमओ कार्यालय से शुरू हुई, जिसे सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी के द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली एसबीडी जिला अस्पताल से शुरू होकर, बाजोरिया मार्ग, चौधरी चरण सिंह चौक आदि से होते हुए वापस सीएमओ कार्यालय के बाहर पहुंची। इसमें 60 से अधिक आशाओं ने प्रतिभाग किया, जो हाथों में तख्तियां लेकर चल रही थीं। जिनपर करें योग, रहें निरोग तथा नशे का त्याग करें, जिंदगी से प्यार करें जैसे स्लोगन लिखे थे। रैली के बाद कक्ष संख्या 15 में कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें डॉ. अनिल कुमार वोहरा के द्वारा मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नरेश कातवान, डॉ. राजेश जैन, नोडल अधिकारी डॉ. अथर जमील, डीपीओ डॉ. रंजना चौधरी, डीपीएम खालिद हुसैन, डीएचआईओ रमनदेव, डीसी मुदस्सिर अली, लोहित भारती, सूर्यप्रताप, पंकज चौधरी, चेतन मदान, प्रीति आदि मौजूद रहीं।