सहारनपुर। जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान आज होगा। डीएम की कोर्ट में होने वाला मतदान सुबह आठ बजे शुरू होगा, जो अपराह्न तीन बजे तक चलेगा। चुनाव की तमाम तैयारियां मंगलवार तक पूरी कर ली गई थीं।
डीएम पीके पांडेय ने बताया कि चुनाव में अनुसूचित जाति के लिए तीन, अनारक्षित- महिला के लिए दो तथा अनारक्षित वर्ग के लिए नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रत्येक मतदाता द्वारा तीन अलग-अलग रंगों के मतपत्र होंगे। अनुसूचित जाति के लिए आसमानी रंग, अनारक्षित महिला वर्ग के लिए नारंगी और अनारक्षित वर्ग के लिए सफेद रंग का बैलेट होगा। अनुसूचित जाति और अनारक्षित महिला वर्ग के लिए किन्हीं एक तथा अनारक्षित वर्ग के लिए किन्हीं तीन प्रत्याशियों के नाम के सामने मुहर लगाई जाएगी। अधिक मुहर लगा होने पर मतपत्र रद माना जाएगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी। चुनाव संबंधी कोई भी जानकारी कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0132-2729388 पर ली या दी जा सकती है।