देवबंद (सहारनपुर)। मदरसा मेराजुल उलूम में मॉडर्न एजूकेशन कंसलटेंसी सेंटर की ओर से छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने बच्चों से लगन और मेहनत के साथ तालीम हासिल करने का आह्वान किया।
बुधवार को ईदगाह रोड स्थित मदरसा मेराजुल उलूम में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा ने कहा कि आज का समय टेक्नोलॉजी का है इसलिए मदरसे के छात्रों के लिए जरूरी है कि वह इस्लामिक शिक्षा के साथ साथ आधुनिक शिक्षा में भी कदम आगे बढ़ाएं। ताकि भविष्य में उन्हें किसी भी क्षेत्र में मायूसी का सामना न करना पड़े। सेंटर के डायरेक्टर मोहम्मद इब्राहीम ने कहा कि तालीम के लिए जीवन अंधकारमयी होता है। इसको हासिल करके ही कामयाबी हासिल की जा सकती है। मैनेजर डा. तैय्यब चौधरी ने कहा कि छात्र छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दीनी तालीम के साथ साथ दुनियावी तालीम भी दी जा रही है। डा. एसए अजीज ने कहा कि अंग्रेजी भाषा अंतरराष्ट्रीय भाषा है। जिसको हासिल करना बेहद जरूरी है। इस दौरान अतिथियों ने छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्रों का वितरण किया। इस मौके पर मौलाना सलमान, अब्दुल कादिर, मौ. नफीस, डा. मुनव्वर, हरिओम सिंघल, मुफ्ती मुकीम, पप्पू प्रधान आदि मौजूद रहे।