देवबंद (सहारनपुर)। किसानों ने चीनी मिल प्रबंधतंत्र पर मनमर्जी से गन्ने का इंडेंट जारी कर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इस दौरान सहकारी गन्ना विकास समिति के विशेष सचिव को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
गन्ना समिति परिसर में बैठक में जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन अरुण राणा ने कहा कि चीनी मिल द्वारा कम पर्ची दिए जाने के कारण गेहूं की बुवाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही किसानों को अन्नदाता कहती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि सरकार को किसानों के हित की जरा भी चिंता नहीं है। मिल मनमर्जी से इंडेंट जारी कर किसानों का उत्पीड़न कर रहा है। मोहन राणा ने कहा कि ट्राली की पर्ची का भाड़ा नहीं बढ़ाया जा रहा है। इस कारण किसान कांटे पर ट्रालियों से गन्ना उतारने को मजबूर हैं। चेतावनी दी यदि समस्याओं का शीघ्र निस्तारण नहीं हुआ तो किसान उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे। बैठक के बाद किसानों ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन समिति के विशेष सचिव एके शुक्ला को सौंपा। अध्यक्षता धर्मवीर सिंह व संचालन प्रवीण सिंह ने किया। बैठक में प्रमोद कुमार, धीरज राणा, चंद्रशेखर शर्मा, मंगत सिंह, राजवीर सिंह, कुलबीर सिंह, भूपेंद्र सिंह, सुभाष शर्मा, अशोक राणा, यशपाल सिंह आदि रहे। उधर, चीनी मिल के उपाध्यक्ष डी.एन. मिश्र ने मिल प्रबंधतंत्र पर लगाए आरोप को निराधार बताया है। कहा कि सभी गन्ना प्रजातियों की पर्ची जारी की जा रही हैं।