छुटमलपुर (सहारनपुर)। पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुके सरदाहेड़ी गांव के राशन डीलर का चुनाव कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। खंड विकास कार्यालय से आई टीम की मौजूदगी में हुए चुनाव में 594 मत पाने वाली प्रधान पक्ष समर्थक निशा कश्यप को राशन की दुकान का आवंटन कर दिया गया। जबकि, उसकी प्रतिद्वंद्वी फरीदा को 550 वोट मिले। इस दौरान खासी गहमागहमी रही। चुनाव शांतिपूर्ण होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
बता दें कि मुजफ्फराबाद ब्लाक के गांव सरदाहेड़ी में राशन की दुकान के आवंटन के लिए अब से पूर्व चार बार बुलाई गई खुली बैठकों को तनाव के मद्देनजर स्थगित किया जा चुका था। गत माह 25 तारीख को तो बैठक के दौरान झगड़ा तक हो गया था। पुलिस को दोनों पक्षों के खिलाफ मुचलका पाबंद की कार्रवाई करनी पड़ी। इसके बाद भारी पुलिस बल के साथ ही खंड विकास अधिकारी राहुल वर्मा, एडीओ विजयपाल एवं देवी सिंह, सचिव रूपचंद और ग्राम प्रधान सन्नो पत्नी सनव्वर की मौजूदगी में हुए चुनाव में फरीदा पत्नी कुर्बान और निशा कश्यप पत्नी दुष्यंत के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। इसमें निशा को 594 और फरीदा को 550 वोट मिले। निशा कश्यप को विजयी घोषित करते हुए उसके नाम कोटा आवंटित कर दिया गया। इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि मनव्वर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।