सहारनपुर। डीएम बुधवार को शेखुल हिन्द मौलाना महमूदुल हसन राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मेडिकल के छात्रों को मिलने वाली तमाम सुविधाओं को देखा। साथ ही ओपीडी आदि में जाकर मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं का भी जायजा लिया।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज की घटना के बाद प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अलर्ट हुई है। बुधवार को डीएम पीके पांडेय अंबाला रोड स्थित मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कॉलेज परिसर में चल रहे निर्माण कार्य, मेडिकल के छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं और मेडिकल कॉलेज में आईएमए के चिकित्सकों द्वारा दी जा रही सेवा को देखा। इसके अलावा उन्होंने ओपीडी का निरीक्षण कर वहां मरीजों को मिल रही सुविधाओं और चिकित्सकों की उपस्थिति को देेखा। उन्होंने कॉलेज प्रशासन को आश्वस्त किया कि कॉलेज के लिए जो भी चीजें शासन से चाहिए उनमें उनके स्तर से कोई ढील नहीं बरती जाएगी। साथ ही प्राचार्य समेत पूरे स्टाफ को लगन के साथ काम करने के निर्देश दिए।
कायाकल्प टीम ने किया अस्पताल का निरीक्षण
सहारनपुर, 20 सितंबर। जिला अस्प्ताल में बुधवार को लखनऊ से कायाकल्प की टीम पहुंची। टीम ने शासन की ओर से अस्पतालों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। टीम का काम यही है कि सरकार से मिल रही सुविधाओं का लाभ जनता तक पहुंच रहा है या नहीं। टीम ने अस्पताल की सफाई, शौचालय, पेयजल, दवा, ओपीडी, वार्ड आदि का भ्रमण किया। सुविधाओं के आधार पर अस्पतालों को नंबर्स मिलते हैं। टीम अपनी रिपोर्ट शासन में सौंपेगी।