सहारनपुर। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने नई दिल्ली में प्रियंका गांधी से मुलाकात की। साथ ही प्रियंका गांधी से सहारनपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने का अनुरोध किया। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर चुनावी समीकरणों को लेकर भी चर्चा की।
कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य जावेद साबरी ने बताया कि इमरान मसूद बुधवार को नई दिल्ली में प्रियंका गांधी से मिले। इमरान मसूद ने प्रियंका गांधी को पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने पर बधाई दी। इसके बाद प्रियंका गांधी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी की स्थिति और सीटों पर चुनावी समीकरण को लेकर चर्चा की। इमरान मसूद ने प्रियंका गांधी को सहारनपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया। साथ ही इमरान ने उन्हें सहारनपुर सीट से रिकॉर्ड मतों से जिताने का आश्वासन दिया। इमरान ने प्रियंका गांधी से कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी देंगी, वह उसका पूरी निष्ठा और लगन के साथ निर्वहन करेंगे।