सहारनपुर। पूना में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में जूडो खिलाड़ियों तथा वाराणसी में आयोजित सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया है। लौटने पर खेल कार्यालय और खेल एसोसिएशन द्वारा पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया।
जिला उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव ने बताया कि पूना में नौ से 14 जनवरी तक आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में जूडो छात्रावास के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। 73 किलोग्राम भार में आकाश यादव ने रजत तथा 55 किलोग्राम भार वर्ग में राहुल वर्मा ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने बताया कि दोनों ही होनहार खिलाड़ी हैं जो इससे पहले भी अनेक प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। उधर, दस से 13 जनवरी तक वाराणसी में आयोजित राज्य सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में सहारनपुर के पहलवान मंथन गुर्जर ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। लौटने पर सभी खिलाड़ियों का जिला ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. एके गुप्ता, उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव, पुष्कर सिंह, लाल धर्मेंद्र प्रताप, प्रवीण कुमार, मुस्तकीम अंसारी, श्वेतांक चौहान, शिवनंदन यादव, नाथीराम सौराना, बृजेश कुमार, प्रशांत, प्रवीण कुमार यादव, अवनीश कुमार, जयंत कुमार, धर्मवीर गुप्ता आदि ने स्वागत किया।