सहारनपुर। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत चलने वाले मीजल्स रुबेला अभियान को लेकर शुक्रवार को डीएम आलोक कुमार पांडेय ने जिला टास्क फोर्स की बैठक की। अंतरविभागीय समन्वय के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों तथा ब्लाक स्तर से सभी अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि मीजल्स रुबेला बीमारी से बचाव के लिए मीजल्स रुबेला अभियान 26 नवंबर 2018 से चलाया जाना प्रस्तावित है। यह टीकाकरण 26 नवंबर 2018 से शुरू होकर नियमित टीकाकरण के दिवसों (बुधवार/शनिवार) एवं राजकीय अवकाशों को छोड़कर निरंतर कार्य समाप्ति तक चलाया जाएगा। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाया जाने वाला मीजल्स रुबेला टीकाकरण अभियान एक वृहद अभियान है, जिसके अंतर्गत 09 माह से 15 वर्ष तक की आयु समूह के बच्चों को मीजल्स रुबेला का टीका लगाना है, भले ही यह टीकाकरण नियमित टीकाकरण के दौरान बच्चे को लग चुका हो। यह एक अतिरिक्त खुराक होगी। मीजल्स रुबेला का टीका सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों तथा आउटरीच साइट्स में दिए जाएंगे। इस अभियान के सफलतापूर्वक संचालन के लिए जनपद के सभी स्कूलों को सूचीबद्ध कर 09 माह से 15 वर्ष तक के समस्त बच्चों को टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया जाएगा। अभियान के लिए पांच सितंबर 2018 को डब्ल्यूएचओ द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कम कार्यशाला आयोजित कर सभी ब्लाक स्तरीय प्रभारी चिकित्साधिकारियों एवं उनकी टीमों को प्रशिक्षित किया गया है।