सहारनपुर। श्रावण मास के आखिरी सोमवार को शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। औघड़दानी श्री नर्मदेश्वर महादेव का 51 हजार रुद्राक्ष से भव्य श्रृंगार किया गया।
सोमवार को सुबह से ही मंदिरों में भगवान शंकर जलाभिषेक और पंचामृत से स्नान कराने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में पवित्र गुफा में नेपाल से मंगवाए गए 51 हजार रुद्राक्ष से ओघड़दानी श्री नर्मदेश्वर महाराज का श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही महादेव का पंचामृत से स्नान कराया गया। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि रुद्राक्ष ही शिव रूप सृजित सृष्टि है, जो स्वयं शिव स्वरूप है। रुद्राक्ष में शिव की संपूर्ण ऊर्जा समाहित होने से जीव-जगत का कल्याण होता है। पूर्व विधायक राजीव गुंबर, अरुण स्वामी, राकेश जैन, शीतल बिश्नोई, उमेश र्श्मा, संजय, रमेश, नरेश चंदेल, सुरेश, रमेश शर्मा, मनीष चौहान, विभा, गीता, सुशीला, ममता, किरण, राधा, रेखा मौजूद रहे।
उधर, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, तहसील शिव मंदिर, नारायणपुरी मंदिर, काल भैरव विश्रामपुरी मंदिर, साईंधाम, बालाजी धाम आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शंकर की आराधना की।