सहारनपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बाजार में खुले बिक रहे कटे हुए फलों एवं चाट- पकौड़ों की दुकानों, होटलों का निरीक्षण किया एवं सड़े-गले फलों को फिंकवाया गया।
बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी रणधीर सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं जिला अस्पताल के आसपास खुले में बिक रहे कटे एवं सड़े-गले फल, खुले में बिक रही चाट पकौड़े, शिकंजी कोल्ड ड्रिंक, होटल ढाबों का निरीक्षण किया। टीम ने कटे एवं सड़े-गले फलों को फिंकवाया और स्वच्छता की जानकारी दी। उन्होंने खाद्य सुरक्षा के मानकों के अनुसार खाद्य पदार्थ बेचे जाने के निर्देश दिए। टीम ने बिना पंजीकरण के व्यापार कर रहे हॉकर एवं अन्य व्यवसायियों को पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता मौजूद रहे।