रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। कठुआ व उन्नाव रेप कांड को लेकर कसबे में नगर वासियों द्वारा निकाले जा रहे कैंडल मार्च को पुलिस ने अनुमति न होने की बात कहते हुए रुकवा दिया।
रामपुर मनिहारान में सोमवार देर शाम कस्बावासी कठुआ व उन्नाव कांड को लेकर कैंडल मार्च निकालने के लिए दिल्ली रोड पर पहुंचे। इसी दौरान वहां थाना प्रभारी एसके राणा पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने अनुमति न होने की बात कहते हुए कैंडल मार्च निकालने से रोक दिया। इसके बाद कैंडल मार्च के लिए इकट्ठा हुए लोग निराश हो कर लौट गए। उनका कहना था कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे थे, लेकिन पुलिस ने हठधर्मिता दिखाते हुए उन्हें कैंडल मार्च नहीं निकालने दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर कैंडल मार्च निकाल रहे कस्बावासियों में रोष है। उधर थाना प्रभारी एसके राणा का कहना था कि आयोजकों के पास कैंडल मार्च निकालने की अनुमति नहीं थी। इसी कारण कैंडल मार्च को रोका गया है।