हाईकोर्ट बेंच की मांग के लिए अधिवक्ताओं की हड़ताल शुरू
सहारनपुर। हाईकोर्ट बेंच की मांग के लिए अधिवक्ताओं ने एक सप्ताह के लिए हड़ताल कर दी है। अधिवक्ताओं ने अपनी मांग के संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंप अधिवक्ता अपनी मांगों को लेकर मंगलवार से क्रमिक अनशन भी करेंगे।
सोमवार को अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई और उसके बाद हड़ताल का एलान कर दिया। सभी अधिवक्ता एकत्रित होकर कलक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को प्रेषित मांग पत्र डीएम को सौंपा। अधिवक्ताओं ने 19 फरवरी से 26 फरवरी तक केंद्रीय संघर्ष समिति के प्रस्ताव के अनुसार हड़ताल शुरू कर दी। अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने कहा कि मंगलवार से अधिवक्ता क्रमिक अनशन पर बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि तहसील बार एसोसिएशन भी पूरी तरह हड़ताल पर चली गई है। सभी जिलों एवं तहसीलों में रजिस्ट्री कार्यालयों एवं कोषागार में पूरी तरह से तालाबंदी की जाएगी। अधिवक्ता अपने वाहनों से जन जागरूकता अभियान रैली निकालेंगे तथा सांसद के यहां पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि चालीस साल से हाईकोर्ट बेंच की मांग के लिए संघर्ष किया जा रहा है। लोगों को सस्ता एवं सुलभ न्याय के लिए हाईकोर्ट बेंच की स्थापना जरूरी है। सभी मंचों से इस मांग को उठाया जाता रहा है, लेकिन आज तक न तो केंद्र सरकार ने ही और न ही राज्य सरकार ने ही इस बारे में कोई सार्थक कदम उठाया है। जबकि अन्य प्रदेशों में खंडपीठ की स्थापनाएं की गईं हैं। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में मात्र पांच जिलों पर की खंडपीठ की स्थापना की गई, जबकि उत्तर प्रदेश में 28 जिलों के लिए भी खंडपीठ की स्थापना नहीं की जा रही है। सरकार एक ओर तो सस्ता एवं सुलभ न्याय का वायदा कर रही है और दूसरी ओर बेंच की मांग को भी दरकिनार किया जा रहा है तो अन्याय है। इस मौके पर स्वराज सिंह, अनिल कुमार माहेश्वरी, अमित कुमार, निशांत त्यागी, शक्ति सैनी, शबाना बारी, मुनीश कुमार शर्मा, दलजीत सिंह कोचर, पंकज शर्मा, आयशा हाशमी, अमरीश पुंडीर, राहुल त्यागी, अभय सैनी, विवेक शर्मा, सतेंद्र वर्मा समेत अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।