सीडीओ ने कर्मचारियों को लगाई फटकार
सहारनपुर। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर सीडीओ ने कर्मचारियों को फटकार लगाई और वक्फ संपत्तियों तथा मदरसों से संबंधित मामलों की जांच की। मुख्य विकास अधिकारी ने सोमवार दोपहर 12 बजे जिला विभाग का निरीक्षण करने पहुंचे। सीडीओ ने वक्फ संपत्तियों और मदरसों से संबंधित मामलों तथा अधिष्ठान एवं विभागीय योजनाओं के संचालन की गतिविधियों को देखा। कर्मचारी नियाज अहमद और सलीम अहमद के कार्य में लापरवाही मिलने पर फटकार लगाई। सीडीओ ने दो दिन के अंदर खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मदरसों में चल रहे फर्जीवाड़े की जांच की समीक्षा की। इस दौरान जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह, आशु लिपिक संजीव कुमार, विनोद कुमार शर्मा व दानिश सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।