बेहट (सहारनपुर)। 132 लैंड (नदी की भूमि) की करीब 190 बीघा भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर हलका लेखपाल द्वारा गलत रिपोर्ट अधिकारियों को प्रेषित करने का आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट में हलका लेखपाल द्वारा भूमि में नदी बहने की आख्या दी गई है, जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि इस भूमि पर फसलें खड़ी है। ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत करते हुए खुद मौके पर पहुंचकर जांच किए जाने की मांग की है।
एसडीएम से की गई शिकायत में तहसील क्षेत्र के गांव मांझीपुर निवासी नेत्रपाल, मुनेश, राजू, महीपाल, सुखबीर, सोमपाल, गोपी आदि का कहना है कि उनके गांव के पास खसरा नंबर 106, 8, 10, 2म व 98 म रकबई 13.0210 नदी की भूमि है। उक्त भूमि पर गांव के ही कुछ लोगों ने पिछले काफी समय से कब्जे कर रखे हैं, जिनकी शिकायत पिछले दिनों तहसील दिवस में की गई थी। शिकायत पर हलका लेखपाल जांच करने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हलका लेखपाल ने कब्जाधारियों से सांठगांठ कर गलत जांच रिपोर्ट अधिकारियों को प्रेषित की है। रिपोर्ट में उक्त भूमि पर कोई कब्जा नहीं दिखाया गया और भूमि में नदी बहने की बात कहीं गई है, जबकि उक्त भूमि नदी से बाहर है। जबकि, भूमि पर कब्जे हैं और उसमें फसलें खड़ी है। ग्रामीणों ने एसडीएम से खुद मौके पर चलकर हकीकत जानने की मांग की। उधर, एसडीएम वैभव शर्मा ने शिकायतकर्ताओं को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।