सहारनपुर। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता शनिवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ संपन्न हुई। विजेताओं को एडी बेसिक और बीएसए के हाथों पुरस्कृत किया गया। समापन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पद्म विभूषण तीजन बाई रहीं, जिन्होंने गायन की शानदार प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिता के तहत हुई 400 मीटर रिले दौड़ में गंगोह ग्रामीण पहले, गंगोह नगर दूसरे और देवबंद तीसरे स्थान पर रहा। तीन दिन के खेलों में गंगोह ग्रामीण चैंपियन बना, जबकि देवबंद दूसरे और सहारनपुर तीसरे स्थान पर रहा। समापन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एडी बेसिक अनुराधा शर्मा और बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह रहे। प्रतियोगिता में सभी नौ विद्यालयों की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। समापन पर छात्राओं ने नृत्य की बेजोड़ प्रस्तुति दी। साथ ही आत्म रक्षा की कलाओं का प्रदर्शन किया। इसके बाद तेजन बाई ने प्रस्तुति देकर तालियां बटोरी। एडी बेसिक, बीएसए और स्पिक मैके के पंकज मल्होत्रा ने तेजन बाई को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर आदित्य नारायण, विजयंत चौधरी, अरविंद कुमार सिंह, रजनीश राठौर, कविता वर्मा, रउफ खान, सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।