नागरिक सुरक्षा के कामों की सराहना
सरसावा। नागरिक सुरक्षा कोर द्वारा आयोजित एक गोष्ठी में उपनियंत्रक ने वार्डनों के द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने वार्डनों से आह्वान किया की वे समाज सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों में भागीदारी करते रहे।
सत्संग भवन मंदिर स्थित कार्यालय पर गोष्ठी से पूर्व नव आगंतुक उपनियंत्रक ओंकार शर्मा तथा सहायक उप नियंत्रक चंद्रबोस राणा का स्वागत किया गया। इसके उपरांत गोष्ठी में नागरिक सुरक्षा कोर के कार्यों उसकी उपयोगिता एवं आज के समय में सामाजिक कार्यों में अधिकाधिक भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।
उपनियंत्रक ओंकार शर्मा ने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डनों के नाम राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए भेजे जाएंगे। इस मौके पर सहायक उप नियंत्रक चंद्रबोस राणा ने भी विचार रखे। गोष्ठी के समापन पर सरसावा यूनिट के चीफ वार्डन अवतार सिंह का आभार जताया। संचालन वरिष्ठ वार्डन संजय शर्मा ने किया। डिप्टी चीफ देशबंधु शर्मा, शमशेर सिंह, संजीव अग्रवाल, दिनेश गुप्ता, रवि सैनी, संदीप कुमार, रजनी शर्मा, प्रीति चौहान, ममता शर्मा, आशा रानी आदि मौजूद रहे।