सहारनपुर। विभिन्न संगठनों ने कन्नड पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या की निंदा करते हुए हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन और प्रगतिशील महिला एकता केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित विचार गोष्ठी में कन्नड पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या पर रोष जताते हुए निंदा प्रस्ताव पास किया गया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ गौरी लंकेश की ही नहीं है बल्कि यह लोकतंत्र की भी हत्या है।
रविवार को गांधी पार्क मैदान में आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने फांसीवादी ताकतों द्वारा मेहनतकश आवाम और प्रगतिशील ताकतों पर आए दिन हमले हो रहे हैं। पिछले तीन वर्षों में कलबुर्गी, दाभोलकर और डॉ. पानसरे की हत्याएं हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा सत्ता पक्ष द्वारा पोषित गुंडा तत्व कर रहे हैं। इसके विरोध में प्रगतिशील ताकतों को सामने आना होगा। रविन्द्र, अनवर, शगुफ्ता, पूनम, रमन, राजवीर, आनंद आदि रहे।
उधर, डॉ. भीमराव अंबेडकर समिति ने भी कन्नड पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या पर विरोध जताते हुए उनके हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई। उन्होंने मृतक की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अध्यक्ष चंद्रबोस, उपाध्यक्ष अशोक कुमार, दलित चिंतक डॉ. एन सिंह, सुल्तान सिंह, रामशंकर, हरपाल सिंह, इंद्रपाल, भोपाल सिंह, रामस्वरूप आदि रहे।
उधर, राष्ट्रीय दलित क्रांति मोर्चा की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष बलवंत सिंह चार्वाक ने गौरी लंकेश के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। नन्हेलाल वर्मा, सिंधुराज बौद्घ, राजपाल सिंह, सुखवीर सिंह, ज्योतिराम, गुरुदीप, सविता राज, ममता देवी, कमलेश, शेर सिंह, भंते आनंद सागर आदि ने भी विचार रखे।