शहीद जयद्रथ के नाम पर पुल निर्माण की मांग
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गांव भगवानपुर निवासी जयद्रथ के शहीद होने पर क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि उन्होंने पांच दिन पूर्व विधान सभा में भगवानपुर के पास से गुजर रही हिंडन नदी पर पुल निर्माण किए जाने का मुद्दा उठाया था। अब वह इस पुल का नाम शहीद जयद्रथ के नाम पर रखे जाने की मांग मुख्यमंत्री से करेंगे।
भाजपा विधायक देवेंद्र निम ने लखनऊ से फोन पर बताया कि भगवानपुर के पास हिंडन नदी पर पुल का निर्माण शहीद जयद्रथ के नाम पर हो यह मांग वह मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि गांव के प्रवेश द्वार पर शहीद की गोली चलाते हुए प्रतिमा लगाई जाएगी। गांव का विकास भी उनके नाम पर किया जाए। उन्होंने कहा कि वीर सपूत सैनिक जयद्रथ ने जिस प्रकार से पाक सीमा पर देश कर रक्षा करते हुए अपने प्राणों को न्यौछावर किया है उसे जनपद वासी कभी नहीं भुला सकते। बताया कि अभी हाल में ही उन्होंने विधान सभा सत्र के दौरान नियम 301 के तहत गांव भगवानपुर के पास से गुजर रही हिंडन नदी पर पुल निर्माण का मुद्दा उठाया था जिस पर संज्ञान लिया गया है।