सहारनपुर। अंबाला डिवीजन में रोड अंडर ब्रिज निर्माण होने के चलते 28 एवं 30 अप्रैल को ब्लॉक रहेगा। जिस कारण रेलवे यातायात प्रभावित रहेगा। सहारनपुर से होकर जाने वाली ट्रेनें दो दिन बदले रूट से चलाई जाएंगी।
अंबाला डिवीजन के सीनियर डीसीएम हरिमोहन ने बताया कि 28 एवं 30 अप्रैल को अंबाला सिटी-संभु स्टेशनों के बीच रोड अंडर ब्रिज का निर्माण कराया जाना है। रोड अंडर ब्रिज के निर्माण से ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कई ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करने के अलावा परिवर्तित रूट से चलाया जाएगा। गाड़ी संख्या 22552 जालंधर सिटी-दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस 28 अप्रैल को स्नेहवाल-चंडीगढ़ के रास्ते अंबाला जाएगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 14617 सहरसा-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस 29 अप्रैल को चंडीगढ़-स्नेहवाल के रास्ते चलाई जाएगी। ये दोनों ट्रेनें सहारनपुर से होकर गुजरती है।