सहारनपुर। देहरादून रोड स्थित गांव सलेमपुर गाड़ा स्थित कपड़ों के कारखाने में शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। फायरब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
हादसा शनिवार देर रात करीब एक बजे हुआ। एएम नाइटिंग वीयर कारखाने में आग लगने के बाद जब धुआं उठा तो गांव सलेमपुर के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हादसे की सूचना कारखाना संचालक को दी और ग्रामीण खुद भी आग बुझाने में जुट गए। इसके बाद कारखाना संचालक मौके पर पहुंचे और फायरब्रिगेड को सूचना दी। बाद में दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। संचालक ने बताया कि कारखाने में करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हो गया। कारखाने में रखा कपड़ा, धागा आदि नष्ट हो गया और मशीनें भी आग की चपेट में आने से खराब हो गईं। उन्होंने बताया कि देर रात शार्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी। आशंका है कि कारखाने में यह आग 10 अथवा 11 बजे के आसपास लगी और भीतर ही भीतर आग फैलती चली गई। बाद में जब धुआं और आग की लपटें कारखाने से बाहर निकली, तब आसपास के लोगों को इसका पता चल सका।