सहारनपुर। बेहट अड्डे पर कोड़ियों की पुलिया के निकट अनियंत्रित कार ने दुकान पर बैठकर चाय पी रहे एक ट्रांसपोर्टर को रौंद डाला। जिससे ट्रांसपोर्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि कार चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
नानौता थाना क्षेत्र के ग्राम आभा निवासी ट्रांसपोर्टर फरीद (40 वर्ष) पुत्र यामीन खान गाड़ी में माल भरवाने के लिए बेहट अड्डे पर आया हुआ था। उसने अपने ट्रक में माल लदवा कर धर्म कांटा पर तुलाई के लिए भिजवा दिया और खुद कोड़ियों की पुलिया के निकट चाय की दुकान पर बैठकर चाय पीने लगा। तभी एक अनियंत्रित कार तेजी से आई और फरीद को कुचलती हुई दुकान में जा घुसी। जिससे फरीद गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फरीद को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि कार चालक दुर्घटना के बाद कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।