सहारनपुर। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा रविवार को कराई गई। दो पालियों में हुई परीक्षा में 23,450 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 2550 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था सामने नहीं आई। परीक्षा के सफल आयोजन के बाद संबंधित अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
परीक्षा के लिए जनपद में 28 केंद्र बनाए गए थे, जिनपर कुल 26 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सुबह साढ़े नौ बजे की परीक्षा के लिए ज्यादातर अभ्यर्थी आठ बजे ही केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। पहली पाली की परीक्षा प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थियों के लिए थी, जिसके लिए 11500 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1250 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे, जबकि 10250 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। दूसरी पाली दोपहर दो बजे से रही, जिसके लिए 14500 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1300 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 13 हजार 200 ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रत्येक केंद्र पर ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। दिल्ली से सीबीएसई के अधिकारियों की पूरी टीम परीक्षा कराने के लिए पहुंची थी। नोडल अधिकारी/पाइनवुड स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. संजीव जैन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण रूप से संपन्न होने की बात कही।