मतदाताओं के नाम कटने पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई
सहारनपुर। शहर से सपा विधायक संजय गर्ग द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण में गड़बड़ी तथा मुस्लिम क्षेत्रों में मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के आरोपों के बाद अब कांग्रेस भी सामने आई है। पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने मतदाताओं के नाम सूची से काटने पर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, गुलाम नबी आजाद और राज बब्बर को अवगत कराया है। साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर मामले की जांच कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शहर विधायक ने सोमवार को पत्रकार वार्ता करते में मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। उनका यह भी कहना था कि सत्ता पक्ष के दबाव में आकर मुस्लिम बहुल मतदान केंद्रों की सूची से नाम काटे जा रहे हैं। अब कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने राहुल गांधी को संदेश भेजकर मामले से अवगत कराया है। साथ ही गुलाम नबी आजाद और राज बब्बर से फोन पर बात कर उन्हें भी जानकारी दी है। पार्टी ने इमरान मसूद को 28 नवंबर को दिल्ली में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में तमाम सुबूत के साथ पहुंचने को कहा है। इमरान मसूद ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्घ कठोर से कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
कांग्रेसियों का आरोप है कि नगर विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन नंबर एक से 15, 18 से 21 तथा 23 के करीब 100 बूथों के बीएलओ को प्रशासन द्वारा 100-100 फॉर्म नंबर 07 भरे हुए दिए गए हैं। इन्हें देखने से प्रतीत होता है कि लगभग सभी फॉर्म एक ही हस्तलिपि से भरे गए हैं। उन पर यह दबाव बनाया जा रहा है कि इन सभी वोटों के निरस्त होने की रिपोर्ट लगाएं जबकि ये सभी वोटर अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित हैं तथा अपने अपने पते पर मौजूद हैं। अल्पसंख्यक इलाके के बीएलओ को ये निर्देश भी दिया गया है कि हर हाल में दस प्रतिशत वोट काटने हैं। इस मामले में इमरान मसूद का कहना है कि 28 नवंबर को दिल्ली में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में मामले को सुबूत के साथ रखा जाएगा।