किसान क्रांति यात्रा को सफल बनाने का आह्वान
सहारनपुर। भाकियू की बैठक में 23 सितंबर को हरिद्वार से शुरू होकर दो अक्तूबर को दिल्ली पहुंचने वाली किसान क्रांति यात्रा को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। यात्रा के लिए जनपद से बड़ी संख्या में किसान हरिद्वार पहुंचेंगे।
सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में हुई बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर किसान क्रांति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 23 सितंबर को हरिद्घार के महेंद्र सिंह टिकैत घाट से शुरू होकर दो अक्तूबर को दिल्ली पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू कराने, फसल का भाव तय करने के लिए बनने वाली समितियों में किसान प्रतिनिधित्व और वर्ष 1967 को आधार वर्ष मानकर फसलों का भाव तय करने आदि मांगें की जाएंगी।
जिलाध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि मिर्जापुर थाने पर भाकियू का प्रस्तावित धरना एसएसपी के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसान क्रांति यात्रा में बड़ी संख्या में जनपद के किसान भागेदारी करेंगे। अध्यक्षता कालूराम प्रधान और संचालन अशोक कुमार ने किया। महानगर अध्यक्ष मुकेश तोमर, अरुण राणा, मेवाराम, बबली कांबोज, प्रदीप ठाकुर, रघुवीर सिंह, नरेश यादव, अनूप सिंह, इमरान, राजपाल, भूपेंद्र त्यागी, नईम खां, महीपाल, ईश्वरचंद आर्य, घनश्याम राणा, आलिम प्रधान, सोनू, लोकमणि त्यागी, डॉ. राजवीर सिंह, सुरेश चौहान, नरेश स्वामी, राकिब, मुर्करम, शराफत, सुमित, जयपाल आमकी, रमेश सिंह, अमित, धर्मवीर, मनोज कमाली, केहर सिंह आदि रहे।