बारिश से नगर में जगह-जगह हुआ जलभराव, लोग परेशान
देवबंद। शनिवार को कहीं भारी तो कहीं रिमझिम बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। नगर में कई जगह की सड़के तालाब में तब्दील नजर आई। लोगों के घरों के भीतर पानी घुस आया। जिससे घंटों लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
सुबह से शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। नगर के मोहल्ला नेचलगढ़, दारुल उलूम क्षेत्र, पठानपुरा व इंडस्ट्रियल इस्टेट की सड़क पर जलभराव होने से घंटों संपर्क कटा रहा। अलबत्ता देहात क्षेत्र में भी यही स्थिति रही। कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट आई है। त्रिवेणी चीनी मिल की मौसम वैधशाला के इंचार्ज सुभाष वर्मा ने बताया कि बारिश से तापमान 4 डिग्री सेल्सियस घटा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस और बारिश 16.26 मिमी रिकार्ड की गई। तापमान घटने से लोगों को गर्मी से निजात मिली है। वहीं लगातार बारिश होने से सब्जियों के दामों में एकाएक उछाल आया है। 8 से 10 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर के दाम 40 रुपये, अरबी 40 रुपये, लौकी 30 रुपये, आलू 18 रुपये किलो तक बिक रही है। यही स्थिति अन्य सब्जियों के दामों में भी आई है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि बारिश से सब्जी की फसल बर्बाद हो गई। जिससे दामों में भारी उछाल आया है।