बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। दून हाईवे पर डाट मंदिर से पहले एक मोड़ पर बाइक फिसलने से दो युवक 25 फीट गहरी खाई में जा गिरे। सूचना मिलते ही डाट मंदिर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनो को बाहर निकलवा कर देहरादून अस्पताल भरती कराया।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे संचित पुत्र सुशील व अपने साथी विष्णु पुत्र गणेश निवासी यमुना कालोनी देहरादून के साथ अपनी पल्सर बाइक से देहरादून जा रहे थे। जैसे ही वह डाट मंदिर से पहले एक मोड़ पर पहुंचे तो उनकी बाइक अनियंत्रित हो कर फिसल गई। वे 25 फीट गहरी खाई में जा गिरे। राहगीरों की सूचना मिलते ही डाट मंदिर चौकी इंचार्ज पुष्कर सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकलवा कर इलाज के लिए देहरादून के महंत इंदिरेश अस्पताल भिजवाया। जहां उनके परिजनों को भी बुला लिया गया। डाट मंदिर चौकी इंचार्ज ने बताया कि बाइक सवार दोनों युवक हेलमेट पहने थे जिसकी वजह से उनकी जान बच गई।