जिला जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में लिया 16 टीमों ने भाग
गंगोह (सहारनपुर)। शहीद भगत सिंह एकेडमी राजीव मेमोरियल कालेज में आयोजित जिला जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में जनपद भर की 16 टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के दौरान जनपद की कबड्डी टीम का चयन होगा, जो प्रदेश स्तरीय टीम के लिए गौतमबुद्ध नगर में आयोजित चयन प्रतियोगिता में शामिल होगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य चौ. नक्षत्रपाल सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मैच नरहैडा गुर्जर व टरडक की टीम के बीच हुआ। इससे पूर्व टीम सदस्यों से मुख्य अतिथि का परिचय कराया गया। प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष श्रवण शर्मा, जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार, कोच विजय सैनी, रवि कुमार सहित कालेजों के अध्यापक मौजूद रहे।