सहारनपुर। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि चीनी मिलें बकाया गन्ना मूल्य भुगतान पर अपनी कार्ययोजना दें। उन्होंने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीसीओ से आगामी बैठक में चीनी मिलों के बैंकर्स को भी बुलाने को कहा है।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि सभी चीनी मिलें बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करने में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि जिला गन्ना अधिकारी नजर रखे की शुगर मिलें अपनी कार्ययोजना के अनुसार गन्ना भुगतान कर रही हैं या नहीं। जनपद की बंद पड़ी बिड़वी चीनी मिल के यूनिट हेड जेएम गुप्ता को निर्देश दिए कि वे चीनी मिल की रिपेयर मेंटेनेंस कार्य तेजी से कराए और चीनी मिल को अक्टूबर तक संचालन हेतु तैयार कर लें। डीएम ने गन्ना विभाग द्वारा कराए जा रहे गन्ना सर्वे की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन चीनी मिलों द्वारा गन्ना सर्वे में सहयोग नहीं किया जा रहा हैं, उन क्षेत्रों में गन्ना समितियों के कर्मचारियों की संख्या बढ़ा कर सर्वे का कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लिया जाए। जिला गन्ना अधिकारी डॉ आरडी द्विवेदी सहित सभी चीनी मिलों के प्रधान प्रबंधक मौजूद रहे।