सहारनपुर। राज्यपाल राम नाईक आज गंगोह पहुंचेंगे। वह शोभित यूनिवर्सिटी के पहले दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे, जहां विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करेंगे। साथ ही दो लोगों को मानद डॉक्ट्रेट की उपाधि से विभूषित करेंगे। राज्यपाल के आगमन को लेकर बुधवार को यूनिवर्सिटी में तैयारियां जोरों पर रहीं। दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के करीब 500 सफल विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। पीएचडी की दो उपाधियां तथा 45 स्वर्ण पदक भी राज्यपाल के द्वारा विद्यार्थियों को प्रदान किए जाएंगे। इनके अलावा सामाजिक सेवा और राष्ट्र के उन्नयन में योगदान देने के लिए गांधीवादी विचारधारा अपनाने वाले और हरिजन सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर कुमार सान्याल तथा वरिष्ठ वैज्ञानिक तथा ब्रह्मोस एयरोस्पेस के प्रबंध निदेशक डॉ. सुधीर कुमार मिश्र को मानद डॉक्टरेट की उपाधि दी जाएगी। समारोह में यूनिवर्सिटी से पढ़ने के बाद देश और विदेशों में उच्च पदों पर आसीन पुरातन छात्र भी बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। नाइस सोसायटी ट्रस्ट के अध्यक्ष और जेपी माथुर ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. शोभित कुमार समारोह के विशिष्ट अतिथि होंगे।