सहारनपुर। सेंट मैरी स्कूल के कक्षा आठ का छात्र परीक्षा में कम नंबर आने पर परिजनों की डांट के डर से लापता हो गया। पुलिस ने उसे हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया।
शहर के सेंट मैरी एकेडमी में कक्षा आठ में पढ़ने वाला प्रियांशु निवासी गलीरा रोड को स्कूल जाने के लिए उसके भाई ने बृहस्पतिवार को मिशन कमपाउंड स्थित स्कूल के गेट पर छोड़ा था। स्कूल में प्रियांशु को पता चला कि उसके परीक्षा में नंबर कम आए हैं। परिजनों का कहना है कि उसके बाद से ही प्रियांशु लापता हो गया। शाम तक उसके घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी और जब शाम तक नहीं मिला तो प्रियांशु के लापता होने की सूचना परिजनों ने सदर कोतवाली पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि छात्र ने अपने चाचा से चेटिंग कर बताया था कि वह आगरा जा रहा है। लेकिन जब पुलिस ने छात्र की लोकेशन ट्रेस की तो वह हरिद्वार की मिली। पुलिस छात्र के परिजनों को साथ लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हो गई। जहां प्रियांशु को पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रियांशु ने हरिद्वार जाने की योजना पहले से ही बना रखी थी। उसे पहले से ही परीक्षा में कम नंबर आने का डर था। इसी के चलते वह अपने साथ घर से कुछ कपड़े भी लेकर गया था।