देवबंद (सहारनपुर)। भाजपा की पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर शब्बीरपुर और दूधली प्रकरण में दर्ज मुकदमों को वापस लिए जाने तथा आरोपियों के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई न किए जाने की मांग की है।
रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलीं पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने दूरभाष पर बताया कि उन्होंने सीएम से शब्बीरपुर और दूधली प्रकरण को लेकर वार्ता की और इनमें दर्ज मुकदमों को वापस लिए जाने तथा आरोपियों पर कार्रवाई न किए जाने की मांग की। साथ ही बताया कि दोनों मामलों में जिन लोगों को दोषी बनाया गया है उनमें अधिकतर युवा पीढ़ी है। जिससे उनका भविष्य खराब हो जाएगा। जिस पर सीएम ने अपने विशेष सचिव अमित सिंह से प्रकरण की पूरी जांच से अवगत कराने को कहा। इसके साथ ही पुंडीर ने बताया कि उन्होंने चीनी मिलों द्वारा शीरे को जमीन में दबाने तथा इससे फैल रही बीमारियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ गलत रवैये से पेश आने के बारे में जानकारी दी।