नकुड़ (सहारनपुर)। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में पुरातन छात्राओं की दो दिवसीय एल्युमिनाई बैठक का समापन धूमधाम के साथ किया गया। इस मौके पर प्रख्यात कथक नृत्यांगना श्रीपर्णा चक्रवर्ती ने छात्राओं को कथक नृत्य के गुर बताते हुए इसकी बारीकियों पर प्रकाश डाला।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दूसरे दिन शुभारंभ वार्डन आशा रंजन ने किया। इसके पश्चात पुरातन छात्राओं ने मां शारदे की वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह की ओर से आयोजित स्पिक मैके चैप्टर कार्यक्रम में नृत्यांगना श्रीपर्णा चक्रवर्ती ने शिवस्त्रोत, माखन चोरी और शुद्ध नृत्य की अपनी कथक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। उन्होंने कहा कि नृत्य एक लय है तथा संपूर्ण संसार एक लय पर चलता है। छात्राओं ने नाटक के माध्यम से घरेलू हिंसा, भ्रूण हत्या व दहेज जैसी कुरीतियों के प्रति जागरूक किया और कई रोचक खेल जलेबी दौड़, गुब्बारे फोड़, चम्मच दौड़ आदि में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अध्यापिकाओं के साथ होली खेली। वार्डन आशा रंजन ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की कामनाओं के साथ विदाई दी। इस दौरान पारुल उत्तम, अंजुलता, रंजीता पाल, मीनू तोमर, वेद प्रकाश, सुभाष, नीलम, यशु चौहान, स्नेहा चौधरी व कविता आदि रहे।