सहारनपुर। विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम ने बुधवार को शहर के कोर्ट रोड स्थित प्रमुख दुकानों एवं शोरूम पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने मौके पर मिली बेडशीट और कंबलों की लंबाई-चौड़ाई की माप कराई, जो घोषित की गई माप से कम मिली। विभाग की ओर से सभी को नोटिस जारी किया गया है।
टीम ने कोर्ट रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट पर पहुंचकर वहां रखे कंबल एवं बेडशीट पर लिखी लंबाई एवं चौड़ाई का सत्यापन किया। विधिक माप विज्ञान अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि विशाल मेगा मार्ट में कंबलों एवं बेड शीट की नाप कराई गई, जिसमें होम ब्यूटीफुल के नाम से रखी हुई डबल बेड शीट्स की लंबाई-चौड़ाई घोषित की गई लंबाई-चौड़ाई से 12 सेंटीमीटर कम पाई गई। इस पर चालान किया गया। प्योर होम डबल की बेडशीट भी घोषित लंबाई-चौड़ाई से 10 सेमी कम पाई गई। इस कंपनी के नाम भी चालान किया गया।
लग्जरी कलक्शन क्लाटिक्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की डबल बेड शीट घोषित आकार से 10 सेमी कम पाई गई। जनता होम फर्निशिंग पर इंपीरियल विलियम डिजाइन डबल बेड शीट की घोषित माप से लंबाई-चौड़ाई 8 सेमी कम पाई गई। जांच टीम में उनके साथ निरीक्षक आनंद प्रकाश सिंह, जनार्दन सिंह, गौरव शर्मा शामिल रहे।