सहारनपुर। नववर्ष की पूर्व संध्या एवं नववर्ष के दिन आधी रात के बाद कार्यक्रम का आयोजन नहीं होने दिया जाएगा। कार्यक्रमों के आयोजकों को पुलिस ने रात 12 बजे के बाद किसी कार्यक्रम का आयोजन न किए जाने की हिदायत दी है। साथ ही चेतावनी दी है कि नशे की हालत में सड़क पर वाहन चलाते हुए कोई भी मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नववर्ष के मद्देनजर वाहनों की चेकिंग भी शुरू करा दी है।
नए साल का जश्न मनाने के लिए जगह-जगह कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियां शुरू हो चुकीं हैं। नव वर्ष की पूर्व संध्या 31 दिसंबर को शहर भर में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जबकि कई स्थानों पर एक जनवरी को भी कार्यक्रमों का आयोजन होगा। नव वर्ष के आयोजनों के मद्देनजर शहर के प्रमुख स्थानों एवं कार्यक्रम वाले स्थानों पर पुलिस तैनात की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार से ही वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई है। शुक्रवार की शाम को सदर कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने कोर्ट रोड पर वाहनों की चेकिंग की और कई वाहनों के चालान भी काटे। साथ ही नव वर्ष पर नशे में युवकों को वाहन न चलाए जाने की चेतावनी भी दी गई। कार्यक्रमों के आयोजनों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने आयोजकों को रीीत 12 बजे के बाद कार्यक्रम का आयोजन न किए जाने के निर्देश दिए हैं। सभी को 12 बजे तक कार्यक्रमों का समापन करने के लिए कहा गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही नशा करके वाहन चलाने वालों की भी चेकिंग की जाएगी और कार्रवाई होगी। रफ्तार से वाहन चलाने वालों को भी रोका जाएगा। इस संबंध में एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि कहीं भी किसी प्रकार का हंगामा नहीं होने दिया जाएगा, जिससे माहौल खराब हो। 12 बजे से पूर्व ही कार्यक्रमों को संपन्न करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस तैनात कर दी गई है और चेकिंग भी कराई जा रही है।