देवबंद (सहारनपुर)। हिंदू जागरण मंच पर राष्ट्ररक्षकों की बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के व्यवहार व कार्यशैली को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि रिश्वतखोरी व भ्रष्टाचार पूर्व की भांति चल रहा है। अधिकारियों में सरकार का कोई भय नहीं दिख रहा है।
बृहस्पतिवार को मंच कार्यालय पर आयोजित बैठक में नगर अध्यक्ष आशु शर्मा ने कहा कि अतिक्रमण, स्वच्छता व धर्मस्थलों की सुरक्षा पर प्रशासन का ध्यान नहीं है। जिसके चलते श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेला परिसर में पशुओं का घूमना व कुछ अधर्मियों द्वारा गंदगी डालने का सिलसिला जारी है। समीक्षा उपरांत प्रांतीय उपाध्यक्ष ठा. सुरेंद्रपाल सिंह ने जिलाध्यक्ष जरनैल सैनी को जनपद मुख्यालय पर पदाधिकारियों की बैठक बुलाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा करके प्रशासन सपा व बसपा की नीतियों पर चलकर शासन की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू जागरण मंच अब प्रशासन को शासन के अनुरूप कार्य करने के लिए विवश करेगा। जिला महासचिव अमित धीमान ने कहा कि 23 दिसंबर को जिला मुख्यालय पर पदाधिकारियों की बैठक में प्रशासन पर शासन की मंशा के अनुरूप कार्य कराने के लिए योजना बनाई जाएगी। साथ ही भ्रष्टाचार को शून्य पर लाने के लिए भ्रष्ट अधिकारियों को दंडित किया जाएगा। हीरा सिंह, अमनदीप राणा, ठा. बब्बल सिंह, नरपत सिंह, ईश्वर उपाध्याय ने भी विचार रखे। इस मौके पर अनुज सिंघल, नीरज अग्रवाल, अजय पुंडीर, विजय पुंडीर, राखी भारती, सोनिया, लक्ष्मण, नीटू, मनोज आदि मौजूद रहे।