सहारनपुर। विधानसभा चुनाव के ठीक बाद जातीय हिंसा में झुलस चुके सहारनपुर में निकाय चुनाव को लेकर पूरी गहमागहमी है। चुनावों की तारीख के ऐलान के बाद अब प्रमुख राजनीतिक दलों ने मैदान में प्रत्याशियों को उतारने की प्रक्रिया तेज कर दी है। रविवार को जिले का सियासी तापमान चढ़ा रहा और समय-समय पर अफवाहों का दौर भी चला। केन्द्र और राज्य की सत्तासीन पार्टी ने 11 निकायों में प्रत्याशी चयन के लिए दिल्ली रोड स्थित सभागार में पूरे दिन मंथन किया। प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में चली इस प्रक्रिया के दौरान दावेदार दल बल के साथ मौजूद रहे। बसपा की ओर से वरिष्ठ नेता शाजान मसूद को प्रत्याशियों के चयन की जिम्मेदारी की घोषणा की। इसके बाद शाजान मसूद ने नगर निगम के मेयर पद के लिए अपनी पत्नी खदीजा मसूद को बतौर प्रत्याशी घोषित किया। उधर, कांग्रेस से भी प्रत्याशी का चयन कर लिया गया है, मगर अधिकारिक घोषणा दो नवंबर को किए जाने की उम्मीद है। उधर, सपा भी प्रत्याशी चयन को लेकर अपनी प्रक्रिया तेज कर चुकी है।
बसपा से खदीजा मसूद होंगी मेयर प्रत्याशी
रविवार को घंटाघर स्थित सभागार में बसपा की बैठक हुई और इसमें सर्वसम्मति से वरिष्ठ नेता शाजान मसूद को निकाय चुनाव में प्रत्याशियों के चयन की जिम्मेदारी सौंपी गई। शाजान मसूद ने अपनी पत्नी खदीजा मसूद को बसपा का मेयर प्रत्याशी घोषित किया। बैठक में जोन कोर्डिनेटर कुलदीप बलियान और नरेश गौतम ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने यह जिम्मेदारी शाजान मसूद को सौंपी है। इसके अलावा नगर पालिका और नगर पंचायत चेयरमैन पद के लिए तीन-तीन नामों का पैनल विधानसभा अध्यक्ष और प्रभारी भेजेंगे। इसी तरह पार्षद, सभासद के तीन-तीन नाम आएंगे। इन सभी का नाम फाइनल कर एक दो दिन में इसकी घोषणा कर दी जाएगी। इस दौरान पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष सेठपाल और पंजाबी नेता सुमित अरोड़ा की बसपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान जनेश्वर प्रसाद, महिपाल सिंह, प्रताप सिंह, इमरान प्रमुख, मेहरबान मुखिया, एस आलम, चंद्रजीत सिंह, रकम सिंह सैनी, मिया बबलू जैदी, अनवर कुरैशी मौजूद रहे। बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष फैजानुर्रहमान ने किया।
भाजपा में पूरे दिन चलता रहा घमासान
भाजपा की ओर से पैनल तय करने को लेकर रविवार को पूरे दिन घमासान चला। करीब आठ घंटे की मैराथन बैठक के बाद भी मेयर सहित पालिका व पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों पर कोई सहमति नहीं बन पाई। हालांकि पार्षद और सभासदों के टिकट को लेकर आम सहमति बना ली गई है। प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, आयुष मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, विजयपाल तोमर, महेंद्र धनौरिया सहित अन्य लोगों ने पूरे दिन दावेदारों के नामों पर चर्चा की। उधर, भाजपा की ओर से मेयर के लिए डा. अजय सिंह, कीरत सिंह, संजीव वालिया, चेतन सैनी सहित दावेदार हैं। मगर, पार्टी साफ सुथरी छवि के साथ पार्टी के कार्यकर्ता को मैदान में उतारना चाहती है। यही कारण है कि लंबे मंथन के बाद भी कोई नाम अब तक तय नहीं हो पाया है। माना जा रहा है हाईकमान दो नवंबर तक मेयर सहित अन्य निकायों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषण करेगी।
सपा तलाश रही है मुस्लिम प्रत्याशी
सपा की ओर से निकाय चुनाव सिंबल पर लड़ने की घोषणा के बाद से पदाधिकारी मजबूत मुस्लिम प्रत्याशी की तलाश में जुटे हैं। सपा की ओर से युनुस अंसारी, साजिद चौधरी, अब्दुल गफूर, हाजी फजलुर्रहमान, मुस्तकीमत अंसारी, मांगेराम कश्यप, इसरार प्रमुख की दावेदारी हो चुकी है। सूत्रों की मानें तो जिला इकाई की ओर से एक नाम तय कर पार्टी हाईकमान को भेज दिया गया है। मगर, नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के ठीक पहले इसकी घोषणा की जाएगी। ताकि दावेदारों के बीच किसी तरह का घमासान नहीं मचे। उधर, अन्य निकायों में प्रत्याशी चयन को लेकर जिलाध्यक्ष और उनकी टीम लगातार दावेदारों का आंकलन कर रही है।