देवबंद (सहारनपुर)। प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र लाभार्थी महिलाओं का पारा उस समय चढ़ गया, जब नगरपालिका परिषद में चस्पा की गई सूची में अपना नाम ढूंढने के लिए उन्हें खासी मशक्कत करनी पड़ी। महिलाओं ने पालिका प्रशासन पर सूची वार्ड के अनुसार चस्पा न किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
नगरपालिका परिषद में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची बृहस्पतिवार को चस्पा कर दी गई। लेकिन, आरोप है कि सूची वार्ड के अनुसार चस्पा न होने से महिलाओं को अपना नाम तलाशने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। महिलाओं ने पालिका प्रशासन पर सही ढंग से सूचि न चस्पा किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। महिला प्रमिता, वसीम, पुष्पा, रामकुमार, गौतम, फरमीदा, फरजाना, किशवर, जमील, नूरजहां, शहनाज, बालेशम, कुसुम आदि का कहना था कि पालिका प्रशासन द्वारा सभी लाभार्थियों के नाम की सूचि एक साथ लगा दी गई। इससे लोगों को अपने-अपने नाम तलाशने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हंगामा कर रहे लोगों का कहना था कि जिस तरह वार्ड अनुसार योजना के फार्म भरे गए थे। उसी प्रकार वार्ड के अनुसार लाभार्थियों की सूची चस्पा की जानी चाहिए थी।