दारुल उलूम में मल्टी मीडिया मोबाइल के इस्तेमाल पर पाबंदी
देवबंद (सहारनपुर)। दारुल उलूम में तालीम हासिल करने आने वाले छात्र केवल शिक्षा पर ही ध्यान दें इसके लिए प्रबंधतंत्र ने छात्रों के मल्टी मीडिया मोबाइल के इस्तेमाल पर पाबंदी लगा दी है।
दारुल उलूम प्रबंधतंत्र दूर दराज से आने वाले छात्रों की शिक्षा को लेकर बेहद संजीदा है। इसीलिए नए सत्र के साथ ही प्रबंधतंत्र ने तमाम छात्रों के लिए फरमान जारी किया है कि वह मल्टी मीडिया मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करेंगे। प्रबंधतंत्र का तर्क है कि मल्टी मीडिया मोबाइल पर गैर जरूरी साइट देखने के चलते छात्र तालीम से दूर हो जाते हैं जो उनके भविष्य के लिए ठीक नहीं है। इसके साथ ही प्रबंधतंत्र ने यह भी कहा कि यदि किसी छात्र के पास से मल्टी मीडिया मोबाइल मिलता है तो उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। सादा मोबाइल फोन रखने पर कोई एतराज नहीं है। दारुल उलूम के नायब मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक मद्रासी ने बताया कि छात्र बेहतर शिक्षा हासिल कर सकें और अनुशासन में रहें इसके लिए शिक्षा विभाग कायदे कानून बनाता है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी मल्टी मीडिया मोबाइल के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। बता दें कि दारुल उलूम प्रबंधतंत्र मल्टी मीडिया मोबाइल पर रोक लगाने के साथ ही समय समय पर छात्रों के कमरों में तलाशी अभियान भी चलाता है। पिछले वर्ष भी अभियान के दौरान कई छात्रों के पास से मल्टी मीडिया मोबाइल मिले थे। जिन्हें नष्ट कर छात्रों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी।