सहारनपुर। तहसील दिवस में मोबाइल पर गेम खेलने के खुलासे पर प्रशासन की हुई किरकिरी के बाद जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश जारी किया है। तहसील दिवस में अधिकारियों द्वारा व्हाट्स-एप और गेम खेलने को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को डीएम पीके पांडेय ने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कोई अधिकारी तहसील समाधान दिवस, सरकारी बैठकों तथा अन्य कार्यक्रमों में बेवजह व्हाट्स-एप का प्रयोग करते हुए मिलने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि तहसील समाधान दिवस पर व्हाट्स एप पर गेम खेलना वरिष्ठ अधिकारियों के पद व गरिमा के अनुकूल नहीं है। इससे प्रतीत होता है कि अधिकारी प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में गंभीर नहीं हैं और न ही रुचि लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति अत्यंत ही आपत्तिजनक है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तहसील समाधान दिवस, सरकारी बैठकों तथा अन्य कार्यक्रमों में अपनी गरिमा के अनुरूप आचरण करें। तहसील समाधान दिवस की गरिमा को ठेस न पहुंचाएं। उन्होंने सभी को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार का व्यवहार मिलता है तो उसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियोजना शाखा की बैठक 11 को
सहारनपुर। जिलाधिकारी प्रमोद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में अभियोजन शाखा की मासिक बैठक 11 जुलाई सायं 4 बजे कलक्ट्रेट सभागार में होगी। अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन एसके दूबे ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी, सिविल, राजस्व तथा संयुक्त निदेशक अभियोजन सहित अन्य अधिकारी बैठक में भाग लेना सुनिश्चित करें।
10 जुलाई को होगी समीक्षा बैठक
सहारनपुर। जनपद के विकास कार्यक्रमों के संबंध में हुई प्रगति की समीक्षा बैठक 10 जुलाई को जिलाधिकारी प्रमोद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में विकास भवन में आयोजित की गयी है। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि अपने विभाग से संबंधित सभी कार्यक्रमों एवं योजनाओं के संबंध में जानकारी एकत्रित कर 10 जुलाई प्रात: 11 बजे से विकास भवन में आयोजित बैठक में भाग लेना सुनिश्चित करें।