सहारनपुर में सर्किट हाउस में बैठक लेते मंडलायुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद
सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने जिला उद्योग बंधु समिति में विचाराधीन विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इंवेस्टर समिट में हस्ताक्षरित एमओयू को शत प्रतिशत धरातल पर उतारा जाए।
सर्किट हाउस सभागार में ग्लोबल इंवेस्टर समिट-2023 के दौरान निवेशकों द्वारा हस्ताक्षरित एमओयू के प्रगति एवं मंडलीय उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक हुई। मंडलायुक्त ने सहारनपुर के 10, मुजफ्फरनगर के छह एवं शामली के सात प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित विभाग को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यूपीसीडा मेरठ के प्रस्तुत प्रकरणों के निस्तारण में शिथिलता पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। इस कार्य में लापरवाही बरतने एवं बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आगामी बैठकों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर होने वाले ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में मंडल की स्थित सर्वोच्च रहे। संयुक्त आयुक्त उद्योग अंजू रानी ने बताया कि जनपद सहारनपुर में 442 एमओयू, मुजफ्फरनगर में 211 एवं शामली में 68 एमओयू निवेश सारथी पोर्टल पर ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए हस्ताक्षरित किये गये थे। उन्होंने कहा कि मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में पारित निर्णयों का समय से अनुपालन कराया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक सहित संबंधित विभागोें के मण्डलीय अधिकारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।