सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत पुल जोगियान के पास चकराता रोड पर 100 बेड का छात्रावास बनाया गया है। इसका लाभ देहात के उन छात्रों को मिलेगा, जो अभी तक शहर में किराए पर रहकर अपनी पढ़ाई करते हैं। छात्रावास के कमरों के आवंटन के लिए स्मार्ट सिटी की ओर से प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पहले छात्रावास को 250 बेड का बनाने की बात कही गई थी, जिसके लिए पुराने छात्रावास को ध्वस्त किया जाना था, लेकिन पुराने छात्रावास के भवन को लेकर तकनीकी पेंच के चलते खाली पड़ी भूमि पर 100 बेड का ही छात्रावास बनाने का निर्णय लिया गया। अब छात्रावास बनकर तैयार हो गया है। चार मंजिला इमारत में 100 बेड की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को रीडिंग रूम, टीवी रूम आदि की भी सुविधा मिलेगी।
वह बगल में बन रहे मिनी स्टेडियम का लाभ भी ले सकेंगे। स्मार्ट सिटी लिमिटेड सहारनपुर छात्रावास में छात्रों को निर्धारित शुल्क के साथ बेड उपलब्ध कराएगी।
बेड का आवंटन करते हुए यह भी देखा जाएगा कि किसे अधिक जरूरत है। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों से लैस रहेगा। इसमें गार्ड की व्यवस्था रहेगी, जिससे कोई बाहरी लोगों का हस्तक्षेप न रहे।