सहारनपुर। रेलवे ने शालीमार एक्सप्रेस समेत 10 ट्रेनों का संचालन 15 अक्तूबर तक निरस्त रखने का निर्णय लिया है। यह सभी ट्रेनें लंबी दूरी की हैं। सुरक्षा कारणों से ट्रेनों की समय अवधि बढ़ाई गई है। ऐसे में यात्रियों को अभी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे ने पिछले दिनों जम्मू-कटरा रेलखंड पर 16 ट्रेनों की बहाली कर दी थी ताकि जम्मू और कटरा जाने वाले यात्रियों को राहत मिल सके। इन ट्रेनों का संचालन अलग-अलग तारीखों में शुरू हो गया है, लेकिन सहारनपुर से गुजरने वाली 10 ट्रेनें ऐसी हैं, जिनका पंजाब में बाढ़ के बाद संचालन नहीं हुआ है। अब रेलवे ने सुरक्षा कारणों के चलते उन्हें 15 अक्तूबर तक निरस्त कर दिया है। इनमें 12207 काठगोदाम-जम्मूतवी गरीबरथ, 12208 जम्मूतवी-काठगोदाम, 14609 ऋषिकेश-कटरा हेमकुंड, 14610 कटरा-ऋषिकेश हेमकुंड एक्सप्रेस शामिल हैं। इनके साथ ही 14612 कटरा-गाजीपुर, 14611 गाजीपुर-कटरा, 14661 बाड़मेर-जम्मूतवी, 14662 जम्मूतवी-बाड़मेर शालीमार, 22432 उधमपुर-सूबेदारगंज और 22431 सूबेदारगंज-उधमपुर एक्सप्रेस को भी 15 अक्तूबर तक निरस्त किया है।