सहारनपुर। करीब पांच साल से टूटी पड़ी दो किलोमीटर की बोमंजी रोड लंबे इंतजार के बाद अब बनना शुरू हो गई है। यह सड़क तारकोल की बजाय आरसीसी से बन रही है। सड़क बनने से उक्त मार्ग के सैकड़ों व्यापारियों के साथ ही उक्त रोड से प्रतिदिन गुजरने वाले करीब 10 हजार राहगीरों को लाभ होगा।
पांवधोई नदी के किनारे-किनारे पुल जोगियान से शुरू होकर पुल चौकी सराय, पुल सब्जी मंडी, पुल दालमंडी और पुल खुमरान से होकर बेहट बस अड्डा तक जाने वाली सड़क चार साल से स्मार्ट सिटी में चयनित थी। इसी कारण करीब पांच साल से नगर निगम ने इस सड़क पर ध्यान नहीं दिया। सड़क में चार से छह इंच तक के गड्ढे बने हुए थे। इस मार्ग से प्रतिदिन दस हजार से अधिक लोग चौपहिया, दुपहिया वाहनों के साथ ही पैदल भी गुजरते हैं।
टूटी सड़क के कारण राहगीर परेशान थे। लेकिन अब स्मार्ट सिटी योजना के तहत आरसीसी रोड का निर्माण शुरू हो गया है। अधिकारियों ने दो किलोमीटर की इस सड़क को फरवरी माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों ने बताया कि पुल खुमरान से बेहट बस अड्डा तक की आरसीसी रोड का निर्माण तीन महीने पहले हो चुका है।
इसलिए बन रही आरसीसी रोड
पुल जोगियान से पुल खुमरान से आगे तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है। प्रत्येक वर्ष बरसात के दिनों में पांवधोई नदी के उफान पर आने से उक्त क्षेत्र में भारी जलभराव रहता है। ऐसे में स्मार्ट सिटी के इंजीनियर्स ने उक्त मार्ग को आरसीसी से बनाने का निर्णय लिया। क्योंकि जलभराव से आरसीसी सड़क खराब नहीं होगी, जबकि तारकोल की सड़क पानी से उखड़ जाती है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत बोमंजी रोड का निर्माण शुरू हो गया है। सड़क आरसीसी से तैयार की जा रही है। फरवरी माह में सड़क का कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों को लाभ होगा।
-अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, स्मार्ट सिटी सहारनपुर