उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में बैठकर गए यात्री
- फोटो : AmarUjala
गोरखपुर। रोडवेज बस से सफर करने में जेब और ढीली करनी पड़ेगी। परिवहन विभाग ने नौ पैसे प्रति किलोमीटर किराया बढ़ाने का प्रस्ताव स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी को भेजा है। इसी सप्ताह अथॉरिटी की मंजूरी मिलने की उम्मीद है। अगर प्रस्ताव में संशोधन नहीं हुआ तो गोरखपुर से लखनऊ तक साधारण बस से जाने का किराया 27 रुपये बढ़ सकता है। जनरथ के किराये में 32-40 रुपये की बढ़ोत्तरी संभव है।
पिछले महीने ही परिवहन विभाग ने जीएसटी लागू करते हुए पांच फीसदी किराया बढ़ा दिया था। जिसके बाद गोरखपुर से लखनऊ तक का सफर करने में 25 से 39 रुपये और आनंद विहार तक के सफर में 62 से 114 रुपये ज्यादा चुकाना पड़ रहा है। गोरखपुर से चारबाग की दूरी 300 किलोमीटर है, बढ़े किराए पर पांच प्रतिशत जीएसटी भी लगेगा।
ऐसे में साधारण बस से लखनऊ तक का किराया 27 रुपये और वाराणसी रूट पर 22 रुपये बढ़ सकता है। क्षेत्रीय प्रबंधक एसके राय ने बताया कि अथॉरिटी से सप्ताह भर में किराए को लेकर गाइड लाइन आने की संभावना है। गोरखपुर से कुल 46 एसी बसें चलती हैं। इसमें गोरखपुर से आनंद विहार के लिए 4, आगरा के लिए 3 और सोनौली से 6 बसें चलती हैं।