शाहबाद। फोन करके युवक को बुलाने के बाद पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने उस पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक के सिर समेत हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल का मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर के मोहल्ला फर्राशान निवासी वीरेंद्र सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात मोहल्ले की ही एक महिला ने उनके बेटे आदित्य उर्फ चड्ढा को फोन करके बुलाया था। आरोप है कि आदित्य के वहां पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे चार युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में आदित्य के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि हाथ-पैरों में भी चोटें लगीं। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए।
परिजन घायल को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत को देखते हुए उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ देवकीनंदन ने बताया कि घायल का मेडिकल करा दिया गया है। मामले में अमन, गोलू, मिनाक्षी, संजू, आंचल और नकुल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।