शाहबाद। खेत से वापस अपने घर आ रहे बाइक सवार दो युवकों को एक कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गुरुवार को घायल एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मित्तपुर गांव में दो मई की शाम लगभग सात बजे बाइक से गांव निवासी कृष्णपाल (19)के साथ सतेंद्र खेतों से काम करके लौट रहा था। गांव में रोड पर एक तेज रफ्तार कार शाहबाद से बिलारी की ओर जा रही थी। कार ने कृष्णपाल की बाइक को जोरदार टक्कर मारी थी। टक्कर लगने से कृष्णपाल और इसके साथ बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। टक्कर लगने के बाद कार को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। आननफानन परिजन कृष्णपाल और सतेंद्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद लाए थे। हालत को चिंताजनक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था, लेकिन परिजन घायलों को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में ले गए थे। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में कृष्णपाल का उपचार चल रहा था। गुरुवार सुबह को उपचार के दौरान कृष्णपाल ने दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे घायल व्यक्ति की हालत भी गंभीर बनी हुई है। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजनों की ओर से देहरादून के एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज पहले ही करा दी गई है।