बिलासपुर (रामपुर)। बरेली जिले की नवाबगंज तहसील में सड़क हादसे में खजुरिया थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी समीर अहमद की मौत हो गई। बृहस्पतिवार रात बाजार जाते समय उनकी बाइक को एक सांड़ ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद परिवार पर रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों के अनुसार, मंसूरपुर गांव निवासी समीर अहमद (35) देशनगर कस्बे में मजदूरी करते थे। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे वह घरेलू सामान लेने बाजार जा रहे थे। रास्ते में अचानक सामने आए सांड़ से उनकी बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि समीर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम शव परिजनों को सौंप दिया। देर शाम उन्हें गांव में सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
0000
पांच बच्चों के सामने आजीविका का संकट
समीर अहमद अपने परिवार में पत्नी गुलशन और पांच छोटे बच्चों के इकलौते कमाने वाले थे। मजदूरी ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन थी। पति की मौत के बाद गुलशन का रो-रोकर बुरा हाल है।