पत्नी से कलह होने पर क्षुब्ध पति ने घर के कुंडे से लटक कर फंदे पर झूल गया। परिवार वालों ने जब युवक को फंदे पर लटका देखा तो उसे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव निवासी अरविंद कुमार(20) का विवाह 10 माह पहले हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार, विवाह के बाद से ही पति-पत्नी में विवाद रहने लगा था। विवाद इतना बढ़ गया था कि युवती अपने मायके में जाकर रहने लगी थी। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को फोन पर ही पत्नी से पति की कुछ बातें हुई थी। किसी बात से क्षुब्ध होकर पति कमरे में गया और कुंडे में रस्सी डालकर फंदे पर लटक गया। काफी देर तक घर में युवक की दिखाई नहीं देने पर जब परिवार के लोगों ने कमरे में जाकर देखा तो शव फंदे से लटका हुआ था।
सूचना के बाद कोतवाल अजय कुमार मिश्रा, सीओ केएन आनंद भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शुक्रवार शाम को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया। कोतवाल अजय कुमार मिश्रा ने बताया पति- पत्नी को बीच में कोई विवाद चल रहा था। जिसके बाद युवक ने इस तरह कदम उठाया है। कार्रवाई के लिए कोई तहरीर अभी नहीं दी गई है।